आशु द्वारा लिखित, 20 साल की छात्रा

मुंबई के मेट्रोपोलिटन इलाक़े में हज़ारों की संख्या में फ्लेमिंगो (राजहंस) पक्षी इकट्ठे हुए हैं। ये प्रवासी पक्षी हर साल सर्दियों के मौसम में ईरान से यहां आते हैं। पिछले कुछ सालों से इनके आने की संख्या में कमी आ रही थी। लेकिन इस बार पिछले साल से 25 प्रतिशत अधिक फ्लेमिंगो का आगमन हुआ है। इस बार करीब 1.5 लाख फ्लेमिंगो को मुंबई में देखा गया है।

इस आगमन में लॉक डाउन का है अहम योगदान –

कोरोना के कारण जहाँ इंसान खुद को घर में कैद करने के लिए मजबूर है, वहीं प्रकृति में सुंदर बदलाव देखे जा रहे हैं। मानवीय गतिविधियों में कमी के कारण प्रकृति अपने सुंदर रूपों के साथ सामने आ रही है।

ऐसी ही प्रकृति की एक खूबसूरत झलक मुंबई में देखने को मिली। हज़ारों की संख्या में आये गुलाबी पंखों वाले राजहंसों ने आसमान को गुलाबी रंग से भर दिया। लॉकडाउन के कारण झीलें साफ हो गयी और उनमें काई (algae) भी बढ़ गई। इसका मतलब ये है कि झीलों में राजहंसों के लिये खाने की मात्रा बढ़ चुकी थी। इसी कारण राजहंस अधिक संख्या में आए। 

इस दृश्य को देखकर सभी ने अपने आप को प्रकृति के करीब महसूस किया और इसके खूबसूरत रंगों में खुद को सुकून से भरा पाया। 

फ़िल्मी हस्तियों ने भी की इस खूबसूरत दृश्य की तारीफ़ –

राजहंस के पंख गुलाबी रंग के होते हैं। झील में बैठे हुए राजहांसों के झुण्ड ऐसे लगते हैं, जैसे धरती ने सफ़ेद और गुलाबी रंग की चादर ओढ़ ली हो। इस खूबसूरती को देखते हुए बॉलीवुड के कई सितारों ने भी इसकी बहुत प्रशंसा की। 

दिया मिर्ज़ा, रवीना टंडन और ट्विंकल खन्ना जैसे कई लोगों ने सोशल मीडिया पर झील में बैठे राजहंसों की तस्वीरें और वीडियो डालीं। दिया मिर्ज़ा ने ट्वीट करके लिखा- “ हमारे फ्लेमिंगो विजिबल और शांतिपूर्वक हैं। यहाँ कोई सोशल डिसटेंसिंग नहीं है, बल्कि प्रकृति सिर्फ़ अपना काम कर रही है। वह चीजों में संतुलन और सामंजस्य बैठा रही है”। इसके अलावा रवीना टंडन ने अपने ट्वीट में कहा कि आसमान गुलाबी है। 

ये कुछ ट्वीट्स हैं जो सोशल मिडिया पर किये गए –

फ्लेमिंगो – प्रकृति का सुंदर रूप

फ्लेमिंगो बहामास देश का राष्ट्रीय पक्षी है। ये एक सामाजिक पक्षी हैं जा हमेशा झुण्ड में रहता है। यह एक पैर पर करीब 4-5 घंटे खड़ा रह सकता है और ऐसे खड़े खड़े ही सो भी सकता है। इस पक्षी की असली सुंदरता तब दिखती है, जब यह उड़ान भरता है। 

इन सबके अलावा इसमे एक ख़ास बात यह है कि यह अपनी पूरी जिंदगी अपने साथी के साथ ही रहता है। इतना ही नहीं, खाना भी अपने साथी के साथ ही खाता है। यह पक्षी अपने रंग रूप से सभी को पसंद आता है।