आशु द्वारा लिखित, 20 साल की छात्रा

आज के वक़्त में जहाँ विज्ञान ने बहुत तरक्की कर ली है, वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे रहस्य भी हैं जिन्हें आज तक कोई समझ नहीं पाया है।

क्या अपने कभी ये सुना है कि एक दम से किसी जगह के सारे लोग गायब हो गये हों? करीब 89 साल पहले कनाडा के एक गाँव में यही हुआ था। यह गाँव अन्जिकुनि झील के पास बसा हुआ था। सबसे पहले इस घटना की खबर ‘जो लाबेल’ को हुई।

‘जो लाबेल’ कौन था और कैसे इस घटना से जुड़ा हुआ था?

सन् 1930 में यह घटना हुई। उस वक़्त ठंड का मौसम था। जो लाबेल नाम का एक आदमी भटकता हुआ अन्जिकुनि झील के पास इस गाँव में पहुँचा। लाबेल पहले भी इस गाँव में आ चुका था। उसे पता था कि इस गाँव के लोग बहुत दयालु हैं। वह यह सोचकर इस गाँव में आया था कि यहाँ तो उसके रहने की कोई न कोई व्यवस्था हो ही जाएगी।

क्या हुआ जब लाबेल ने गाँव में प्रवेश किया?

एक रात गाँव में गुजारने की उम्मीद से जब लाबेल वहाँ पहुंचा, तो उसे कोई भी नज़र नहीं आया। उसने गांव के लोगों को बहुत आवाज़ें लगाई लेकिन बदले में किसी ने कोई जवाब नहीं दिया।

बहुत देर तक बुलाने के बाद भी जब कोई नहीं आया तो उसने एक घर के अंदर जाने के बारे मे सोचा।

घर के अंदर लाबेल ने ऐसा क्या देखा कि वह डर के बाहर भाग आया?

घर के अंदर भी कोई नहीं था। लेकिन सामान देखकर ऐसा लग रहा था, जैसे थोड़ी देर पहले लोग यहाँ हों। रसोई में चूल्हा जल रहा था और आधा पका हुआ खाना भी रखा था। यह देखकर वह बहुत डर गया। उसने सोचा ऐसा क्या हुआ होगा कि उन्हें अचानक ऐसे घर छोड़ कर जाना पड़ा हो।

वह जल्दी से उस घर से बाहर निकल आया। उसके बाद वह एक दूसरे घर में गया। उस घर में भी यही हाल था।

पुलिस को दी जानकारी

लाबेल ने तुरंत गांव से निकल कर पुलिस को जानकारी दी। रास्ते में उसे कई मरे हुए कुत्ते दिखाई दिये।

उसने पुलिस को बताया कि कैसे गाँव के सारे लोग गायब हैं और उनके काम अधूरे पड़े हैं। गरम खाना, आधी बनाई हुई स्वेटर और जलता हुआ चूल्हा, ये सब बातें इशारा कर रही हैं कि लोग अचानक गायब हुए थे।

बहुत छानबीन करने की बाद भी पुलिस को कुछ पता नहीं चल पाया।

कब्रों से भी लाशें गायब होने की खबर सामने आयी

कुछ भी सुबूत न मिलने पर पुलिस ने कब्रों को खोदने का फैसला किया। उन्हें लगा कि हो सकता है किसी ने लोगों को मार के दफना दिया हो। कब्रें खोदने पर पता चला कि पहले की लाशें भी गायब है। कब्रें खाली पड़ी थी।

आस पड़ोस के गाँवों में भी पूछताछ की गयी। उन्होंने बताया कि उन्हें एक बड़ी रोशनी दिखाई दी थी और वह उस गाँव की तरफ ही बढ़ रही थी। वह रोशनी अपना आकार भी बदल रही थी। इसके अलावा और कुछ पता नहीं चल सका।

तो यह थी कनाडा के गाँव में गायब हुए लोगों की रहस्यमयी घटना।

क्या हुआ होगा उन लोगों के साथ? इस सवाल का जवाब आज तक किसी के पास नहीं है।