वंदना द्वारा लिखित, 20 साल की छात्रा

द्रौपदी मुर्मू एक भारतीय महिला राजनेत्री हैं। भारत के सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) ने भारत के अगले राष्ट्रपति के लिए उनको अपना प्रत्याशी घोषित किया है। इससे पहले वह 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल थीं।

द्रौपदी मुर्मू का परिचय

द्रौपदी मुर्मू का जन्म ओडिशा के मयूरभंज जिले में 20 जून, 1958 को एक आदिवासी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम बिरंची नारायण टुडू था, जो अपनी परंपराओं के मुताबिक, गाँव और समाज के मुखिया थे।

द्रौपदी मुर्मू की शिक्षा

द्रौपदी ने अपनी जन्मभूमि के एक निजी स्कूल से शुरुआती शिक्षा पूरी की। शुरुआती शिक्षा पूरी करने के बाद भुवनेश्वर के रामादेवी देवी महिला महाविद्यालय से स्नातक की डिग्री (BA) हासिल की। पढ़ाई पूरी होने के बाद पेशेवर करीयर की शुरुआत क्लर्क की नौकरी से की। बाद में एक शिक्षक के तौर पर कुछ समय तक शिक्षा क्षेत्र में भी काम किया ।

द्रौपदी का जीवन संघर्ष

द्रौपदी मुर्मू का विवाह श्याम चरण मुर्मू से हुआ था जो अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनके दो बेटे थे जो अब जीवित नहीं है और एक बेटी है जिसका नाम इतिश्री मुर्मू है जिसके सहारे वह अपनी ज़िंदगी गुज़ार रही हैं।

द्रौपदी मुर्मू का राजनीतिक करियर

उन्होंने अपने राजनीतिक करियर की शुरुआत ओडिशा से भाजपा के साथ ही की। भाजपा जॉइन करने के बाद उन्होंने 1997 में रायरंगपुर नगर पंचायत के पार्षद चुनाव में हिस्सा लिया और जीत दर्ज कराई। भाजपा ने मुर्मू को पार्टी के अनुसूचित जनजाति मोर्चा का उपाध्यक्ष बना दिया। इसके बाद ओडिशा में भाजपा और बीजू जनता दल की गठबंधन की सरकार में साल 2000 से 2002 कर वह वाणिज्य और परिवहन स्वतंत्र प्रभार मंत्री रही। साल 2002 से 2004 तक मत्स्य पालन और पशु संसाधन विकास राज्यमंत्री के तौर पर काम किया। उन्होंने ओडिशा के रायगंज विधानसभा सीट से विधायिका  का चुनाव भी जीता । बाद में साल 2015 से 2021 तक झारखंड की राज्यपाल भी नियुक्त हुईं । वह राज्य की पहली महिला गवर्नर बनी ।

द्रौपदी मुर्मू बनी राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार

देश के सर्वोच्च पद यानी राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है। रामनाथ कोविंद का कार्यकाल पूरा होने के बाद अब देश को नए राष्ट्रपति की आवश्यकता है। भाजपा की ओर से राष्ट्रपति पद के लिए महिला उम्मीदवार हैं तो वहीं विपक्ष की तरफ से यशवंत सिन्हा को उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा की महिला उम्मीदवार का नाम द्रौपदी मुर्मू है।

द्रौपदी मुर्मू 24 जून को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। अगर भाजपा की महिला उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू चुनाव जीत जाती हैं तो वह भारत की दूसरी महिला राष्ट्रपति बन जाएंगी। बता दें कि इसके पहले प्रतिभा पाटिल को भारत की पहली महिला राष्ट्रपति होने का गौरव प्राप्त हुआ था । एक बार फिर महिला देश के सर्वोच्च पद पर आसीन होने के लिए एक कदम दूर है ।

पिछली बार हमने राष्ट्रपति के लिए होने वाले चुनाव के बारे में संपूर्ण जानकारी हासिल की थी। इस बार हमने जाना कि राष्ट्रपति पद के लिए कौन से उम्मीदवार खड़े हुए हैं। अब हम सभी को चुनाव का इंतजार है ताकि हम अपने अगले होने वाले राष्ट्रपति के बारे में जान सकें। हम इसी प्रकार की जानकारी लेकर आपके समक्ष मौजूद रहेंगे।

क्या आप भी नन्ही खबर के लिए लिखना चाहते हैं?
संपर्क करें nanhikhabar@gmail.com पर

शीर्षक छवि स्रोत: https://economictimes.indiatimes.com/