आशु द्वारा लिखित, 20 साल की छात्रा

पुर्तगाल में चार बच्चों और दो नवयुवकों ने मिलकर 33 देशों पर केस कर दिया है। केस करने का कारण जलवायु में हो रहा परिवर्तन है। इस परिवर्तन का कारण इन 33 देशों को बताया गया है। यह मुक़दमा मानवाधिकार मामलों के यूरोपीय कोर्ट में दर्ज कराया गया है जो स्ट्रांसबर्ग में स्थित है।

बच्चों ने बताया कि उनके देश (पुर्तगाल) का बहुत बुरा हाल है और यह हाल इन 33 देशों के जलवायु परिवर्तन को बढ़ावा देने वाले कामों की वजह से हुआ है।

ऐसा क्या हुआ कि बच्चों को यह कदम उठाना पड़ा?

इस साल 2020 के जुलाई महीने में पुर्तगाल के लोगों को बहुत अधिक गर्मी का सामना करना पड़ा। इस बार की गर्मी ने पिछले 90 सालों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।

केस करने वाले दो युवकों में से एक का कहना है- “मुझे ये बात जानकर बहुत घबराहट होती है, कि हमने जो गर्मी सहन की है, वह रिकॉर्ड तोड़ने वाली हीट वेव्ज़ की शुरुआत है। इसे रोकने के लिये बहुत कम वक़्त बचा है। हमें वो सब करना चाहिए जो हम कर सकते हैं। ताकि सरकार हमारी रक्षा करने के लिए मजबूर हो जाये”।

ग्लोबल लीगल एक्शन नेटवर्क ने भी दिया साथ

जिन बच्चों ने केस दर्ज किया है, उन्हें इस मामले में ग्लोबल लीगल एक्शन नेटवर्क का भी समर्थन मिला है। क्लाइमेट एनालिटिक्स ने इस मामले में एक विशेषज्ञ रिपोर्ट तैयार की है। इस रिपोर्ट में पुर्तगाल को जलवायु परिवर्तन का ‘हॉटस्पॉट’ बताया गया है।

वास्तव में, इस परिवर्तन के कारण वहाँ के लोगों के जीवन में शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य पर खतरा बढ़ रहा है। यह मामला इसी बढ़ते हुए खतरे के कारण सामने आया है।

केस करने वालों का जलवायु परिवर्तन से क्या संबंध है?

आपको बता दें, केस करने वाले चारों बच्चे लीरिया से हैं। 2017 में इस क्षेत्र के जंगलों में आग लगी थी। उस विनाशकारी आग में 120 से भी ज्यादा लोग मरे थे।

बाकी बचे दो युवक लिस्बन में रहते हैं। 2018 में हीटवेव के दोरान लिस्बन में 44°C का तापमान था। यह नए तापमान रिकॉर्ड में दर्ज किया गया था।

इस केस से क्या फ़ायदा होगा?

अगर ये बच्चे केस जीत गये तो सभी 33 देशी कानूनी रूप सी बंध जायेंगे। उन्हें कार्बन उत्सर्जन में कमी करनी पड़ेगी। इसके अलावा कई बहुराष्ट्रीय कंपनियों और दूसरे देशों की ऐसी गतिविधियाँ हैं जो जलवायु परिवर्तन में योगदान देती हैं। इस केस के कारण उन्हें अपनी उन गतिविधियों में भी कटौती करनी पड़ेगी।

कहाँ है पुर्तगाल?

File:Portugal in European Union (extended) (special marker).svg - Wikimedia  Commons