गीतांजली पाण्डेय द्वारा लिखित, 17 साल की छात्रा

भारत देश अपने सुविकसित सशक्त सेना बलों के लिए सम्पूर्ण विश्व में प्रसिद्ध है। भारत में प्रमुख रूप से तीन सैनिक बल हैं – जल सेना, थल सेना और वायु सेना । वायु सेना बल का देश की सुरक्षा में एक विशेष महत्व है जिसे दर्शाने के लिए वायु सेना दिवस प्रतिवर्ष मनाया जाता है। भारत में हर 8 अक्टूबर को भारतीय वायु सेना दिवस मनाया जाता है। लगभग 1,500 विमानों और 1,70,000 कर्मियों के साथ संयुक्त राज्य अमेरिका, रूस और चीन के बाद दुनिया की चौथी सबसे बड़ी वायुसेना है।

वायुसेना दिवस मनाने का कारण

इंडियन एयरफोर्स आधिकारिक तौर पर ब्रिटिश साम्राज्य द्वारा अक्टूबर 1932 को स्थापित की गई थी। भारतीय वायुसेना तीन भारतीय सशस्त्र बलों की हवाई शाखा है। IAF का प्राथमिक मिशन संघर्ष के समय में भारतीय हवाई क्षेत्र को सुरक्षित रखना है और हवाई गतिविधियों को तत्परता और प्रतिबद्धता से संचालन करना है । ब्रिटिश काल में IAF ने पहली उड़ान 1 अप्रैल, 1933 को भरी थी। उस समय उसका नाम ‘रायल इंडियन एयर फोर्स’ था, जिसे स्वतन्त्रता के बाद ‘भारतीय वायुसेना’ का नाम दिया गया। यह दिन वायुसेना बल के अधिकारियों के संघर्षों और जज़्बा को बढ़ावा देने में सहायक है।

वायुसेना दिवस कैसे मनाया जाता है

भारतीय वायुसेना दिवस पूरे भारत के विभिन्न वायु स्टेशनों पर उत्साह और गर्व के साथ मनाया जाता है। भारतीय राज्यों के सभी वायु सेना स्टेशन अपने संबन्धित एयरबेस पर भव्य परेड करते हैं। वायुसेना दिवस परेड के दौरान विभिन्न वायुसेना द्वारा वायु प्रदर्शन दिखाया जाता है। इस दिन गाज़ियाबाद स्थित हिंडन एयरबेस पर यह दिवस धूम धाम से मनाया जाता है जहां आयोजित कार्यक्रम में तीनों सशस्त्र बलों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद होते हैं।

निष्कर्ष

अतः 8 अक्टूबर (भारतीय वायुसेना) भारतीयों के लिए बहुत महत्वपूर्ण दिन है। यह दिवस हमे वायुसेना के उन सैनिकों के त्याग की याद दिलाता है जिन्होने देश की रक्षा के लिए अपना जीवन कुर्बान कर दिया। भारत देश को अपने साहसी सैनिकों पर गर्व है और हमेशा रहेगा।

क्या आप भी नन्ही खबर के लिए लिखना चाहते हैं?

संपर्क करें nanhikhabar@gmail.com पर