गीतांजलि द्वारा लिखित, 19 साल की छात्रा

पूरा विश्व श्रीलंका संकट के बारे में जानता है। श्रीलंका एक लंबे समय से आर्थिक संकट से गुजर रहा है यह देश पूरी तरह से बर्बाद होने की स्थिति में आ चुका है।

हमने श्रीलंका के आर्थिक संकट के बारे में अपने पहले लेखों में संपूर्ण जानकारी दी थी। जिसमें श्रीलंका में उत्पन्न संकट के कारणों, प्रभावों एवं परिणामों सभी चीजों का वर्णन है। आप उसे हमारी बेवसाइट से पढ़ सकते हैं, उसका लिंक नीचे दिया गया है।

जैसा कि लगभग सभी जानते हैं श्रीलंका की स्थिति बहुत बुरी हो गई है। लगभग छः महीने से भी ज्यादा समय से श्रीलंका आर्थिक संकट में फंसा हुआ है। ऐसे में प्रदर्शनकारियों ने मार्च से ही प्रदर्शन करना आरंभ कर दिया है। बहुत लंबे प्रदर्शन और विरोध के बाद श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंद्रा राजपक्षे ने मई में इस्तीफा दे दिया तथा अपने परिवार के साथ श्रीलंका छोड़कर चले गए परंतु वहां के राष्ट्रपति गोटबाया राजपक्षे ने अभी तक इस्तीफा नहीं दिया है। इसीलिए लोग अभी भी प्रदर्शन को जारी रखे हुए हैं आज हम श्रीलंका की वर्तमान स्थिति के बारे में बात करने वाले हैं। आखिर वहां ऐसा क्या चल रहा है जिसने संपूर्ण विश्व की दृष्टि को अपनी और देखने को आकर्षित कर लिया है।

श्रीलंका की स्थिति

श्रीलंका में फिलहाल क्या चल रहा है?
छवि स्रोत: http://timesofindia.indiatimes.com/

वर्तमान समय की बात करें तो श्रीलंका में लंबे समय से प्रदर्शन कर रहे प्रदर्शनकारियों ने गोटबाया राजपक्षे के घर को घेर लिया जिसके बाद गोटबाया राजपक्षे को अपना घर छोड़ना पड़ा। आप सोचेंगे कि इसमें अलग चीज क्या है ऐसा तो हर देश में प्रदर्शनकारी करते हैं और नेताओं के घर का घिराव कर लेते हैं परंतु यहां स्थिति कुछ अलग है प्रदर्शनकारी धीरे-धीरे उनके घर के अंदर घुस गए तथा चीजों को तहस-नहस करने लगे। प्रदर्शनकारी श्रीलंका के राष्ट्रपति के घर की सभी सुविधाओं का पूर्ण रूप से उपयोग कर रहे हैं तथा वहीं पर कब्ज़ा करके बैठ गए हैं।

ऐसी स्थिति में कुछ दिनों से प्रदर्शनकारियों के स्विमिंग पूल में नहाने, डाइनिंग टेबल पर खाने – पीने तथा घर के सभी हिस्सों में घूमने की फोटोस वायरल हो रही हैं।

राष्ट्रपति भवन में घुसे प्रदर्शनकारियों को गोटबाया राजपक्षे के घर से लाखों रुपए प्राप्त हुए हैं जो गोटबाया राजपक्षे पर सवाल उठाता है कि इतनी महामंदी में उनके पास इतने पैसे कहां से आए। इस राशि को श्रीलंका के सुरक्षा कर्मचारियों को देने की बात हो रही है।

प्रदर्शनकारी ऐसा क्यों कर रहे हैं?

आप सब सोच रहे होंगे कि प्रदर्शनकारी ऐसे क्यों कर रहे हैं तो आपको बता दे कि श्रीलंका में लंबे समय से राजपक्षे परिवार का शासन था। पूर्ण राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक व्यवस्था उनके नियंत्रण में थी। लोगों का मानना है कि श्रीलंका की इस संकट की स्थिति के पीछे राजपक्षे परिवार तथा उनके द्वारा की गई गलतियां हैं इसलिए प्रदर्शनकारियों ने पूर्ण रूप से घोषित कर दिया है कि वह तब तक राष्ट्रपति भवन नहीं छोड़ेंगे जब तक गोटबाया राजपक्षे अपना इस्तीफा न दे दें।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के उपाय

श्रीलंका की पुलिस तथा नेताओं ने प्रदर्शनकारियों की इस भीड़ को रोकने के लिए बहुत प्रयास किए परंतु वह रूके नहीं।

श्रीलंका की पुलिस ने राष्ट्रपति भवन के समीप जमा हुए प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए हवा में फायरिंग की परंतु वह सारी चुनौतियों को पार करते हुए अंदर चले गए। उन्होंने सभी बैरिकेड्स तोड़ दिये और हजारों की संख्या में राष्ट्रपति भवन पर कब्जा कर लिया। पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े परंतु एक गुस्से से भरी हुई प्रदर्शनकारियों के समूह को रोकना असंभव प्रतीत हो रहा था।

श्रीलंका के प्रधानमंत्री महिंद्रा राजपक्षे के इस्तीफा देने के बाद रानिल विक्रमशिंदे प्रधानमंत्री बने थे। उन्होंने इस गंभीर स्थिति को देखते हुए नेताओं की आपातकालीन बैठक बुलाई, जिसमें इस स्थिति को सुधारने के लिए चर्चा की जा सके परंतु अभी तक कोई समाधान नहीं निकला है।

आज हमने आपको श्रीलंका की वर्तमान स्थिति के बारे में सारी आवश्यक अपडेट दी है। वहां पर स्थिति बहुत खराब हो चुकी है परंतु गोटबाया राजपक्षे ने स्थिति को देखते हुए 13 जुलाई को इस्तीफा देने पर सहमति जताई है। आगे देखते हैं कि क्या होता है। हम आशा करते हैं कि श्रीलंका की स्थिति सुधर जाए क्योंकि किसी भी देश में हो रहे विरोधप्रदर्शन, अशांति और अराजकता की स्थिति उस देश के संसाधनों एवं नागरिकों के शोषण को दर्शाती है।

क्या आप भी नन्ही खबर के लिए लिखना चाहते हैं?
संपर्क करें nanhikhabar@gmail.com पर

श्रीलंका के आर्थिक संकट का पिछला लेख- https://nanhikhabar.com/%e0%a4%b6%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%80%e0%a4%b2%e0%a4%82%e0%a4%95%e0%a4%be-%e0%a4%b8%e0%a4%82%e0%a4%95%e0%a4%9f/